क्राइम

SSP बदले, नहीं बदला हत्याओं का सिलसिला 21 दिनों में सातवीं हत्या..11

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा। नए एसएसपी की तैनाती और मुख्यमंत्री स्तर पर हाईलेवल बैठकों के बावजूद शहर में एक और सनसनीखेज हत्या ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र के रेसकोर्स इलाके में POCSO एक्ट के आरोपी युवक दिगंबर धीमान की उसके ही तीन करीबी दोस्तों ने कथित तौर पर बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

सूत्रों के मुताबिक, चारों युवक 9 फरवरी को शराब पार्टी कर रहे थे। नशे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इसी दौरान एक आरोपी ने बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 9 फरवरी को दिगंबर अपने पिता के साथ देहरादून कोर्ट में POCSO मामले में पेशी के लिए पहुंचा था। कोर्ट रजिस्टर में उसके हस्ताक्षर दर्ज हैं, लेकिन उस दिन सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट से निकलते समय उसने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वह दोस्तों के साथ जा रहा है, शाम तक लौट आएगा। लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 11 फरवरी को बसंत विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी।

जांच में सामने आया कि हत्या के बाद तीनों आरोपी घबरा गए। उन्होंने शव को टैक्सी में रखकर हरिद्वार ले जाने की कोशिश की, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। सूत्रों के मुताबिक, शव की बरामदगी के लिए देहरादून पुलिस की टीम हरिद्वार रवाना हो चुकी है। पुलिस को मामले से जुड़े अहम सुराग भी मिले हैं और संदिग्ध दोस्तों से पूछताछ जारी है। बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हो चुकी है। आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर ली गई है। शव की बरामदगी और गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार काम कर रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

राजधानी देहरादून में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना रही हैं। नशे और छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा चिंता का विषय बनती जा रही है। हालांकि पुलिस सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है, लेकिन यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button