
हल्द्वानी, 6 जून 2026:
उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड में दो कर्मचारियों की मौत हो गई। रामपुर रोड स्थित अमेजन स्टोर में रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई,जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,पास स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें देखकर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग,पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।रेस्क्यू के दौरान स्टोर का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया,लेकिन तब तक आग पूरे स्टोर में फैल चुकी थी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय स्टोर के अंदर दो कर्मचारी सो रहे थे।धुएं और आग की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरेंद्र (गौलापार निवासी) और अमित (पंचायतघर क्षेत्र निवासी) के रूप में हुई है।शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया गया है।
आग में स्टोर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।इसके अलावा चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और परिसर में खड़ा एक टेंपो भी पूरी तरह खाक हो गया।प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच तथा सुरक्षा मानकों की समीक्षा की मांग की।




