
देहरादून, 21 अक्टूबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून जिला प्रशासन ने ‘रात्रि चौपाल’ की पहल शुरू की है।इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में विकासखंड रायपुर की ग्राम पंचायत थेवा, मालदेवता में रात्रि चौपाल आयोजित की गई।इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने सिंचाई की क्षतिग्रस्त नहर, टूटी पुलिया, विद्यालय के जर्जर भवन, धान की फसल में रोग और खरपतवार से नुकसान, जंगली जानवरों से खेती को खतरा तथा सड़क निर्माण के कारण जल निकासी बाधित होने जैसी समस्याएं उठाईं। मालदेवता निवासी बच्चन सिंह कठैत ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से सीडीओ को अवगत कराया। इस पर उन्होंने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नहर एवं पुलिया की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, कृषि विभाग को धान की फसल में रोग और खरपतवार से हो रहे नुकसान का परीक्षण करने तथा किसानों को उचित तकनीकी मार्गदर्शन देने को कहा गया। खरपतवार की पहचान के लिए नमूना पंतनगर भेजने के निर्देश भी दिए गए।
विद्यालय के जर्जर भवन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि भवन निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है और जल्द ही धनराशि उपलब्ध होने की संभावना है।सीडीओ ने इस मामले में आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।क्षेत्रवासी मनोज पंवार ने सड़क निर्माण के कारण घर के पास जल निकासी बाधित होने और जलभराव की समस्या उठाई। इस पर सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण विद्यालय में पेयजल की समस्या सामने आने पर सीडीओ ने मौके पर ही बजट की स्वीकृति प्रदान की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।पेयजल लाइन में रिसाव की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा मालदेवता स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के उच्चीकरण का विषय भी सामने आया।अधिकारियों ने बताया कि केंद्र को ए श्रेणी से बी श्रेणी में उच्चीकृत करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।सीडीओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध रखने और इस संबंध में की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
रात्रि चौपाल से पहले सीडीओ अभिनव शाह ने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित राशन की दुकान और निर्माणाधीन पशु केंद्र का निरीक्षण किया।उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।चौपाल के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और योजनाओं से मिले लाभ के बारे में बताया। उद्यान विभाग की ओर से किसानों को बीज वितरित किए गए।वहीं, ग्रामीणों को स्वच्छता,कूड़ा प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता के महत्व की जानकारी दी गई।स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार,रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य,पेयजल,सड़क,कृषि,बागवानी, पशुपालन, रोजगार, पलायन और ग्रामीण पर्यटन से जुड़ी समस्याओं पर ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा।ग्राम प्रधानों,शिक्षकों,आशा कार्यकर्ताओं,एएनएम,आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से भी स्थानीय समस्याओं एवं विकास की जरूरतों पर सुझाव लिए जाएंगे।प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना,जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
रात्रि चौपाल में ब्लॉक प्रमुख रायपुर सरोजिनी, ग्राम प्रधान शैलेंद्र चौहान, निदेशक ग्राम विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसवंत सिंह चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम भारती, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




