उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,कई ज़िलों के IAS और PCS अधिकारियों के तबादले

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश के तहत कई IAS और PCS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।इस फेरबदल में जहां कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं अपर जिलाधिकारियों और नगर आयुक्तों के भी तबादले किए गए हैं।



IAS अधिकारियों की बात करें तो अभिनव शाह को देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर अपर सचिव पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। दीपक सैनी को पिथौरागढ़ से देहरादून का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है, जबकि प्रवीण कुमार को शहरी विकास निदेशालय से मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अनामिका को प्रतीक्षारत स्थिति से मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है। दीपक रामचंद्र सेठ को रुड़की से मुख्य विकास अधिकारी चमोली और राहुल आनंद को देहरादून से मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी बनाया गया है। वहीं गौरी प्रभात को पौड़ी से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की और दीक्षित जोशी को रानीखेत से संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर भेजा गया है।
PCS अधिकारियों में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। अभिषेक त्रिपाठी को मुख्य विकास अधिकारी चमोली से निदेशक पंचायती राज निदेशालय देहरादून बनाया गया है।रामजी शरण शर्मा को अल्मोड़ा से अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (ITDA) देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। जय भारत सिंह को उत्तरकाशी से अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय देहरादून भेजा गया है।
वहीं श्याम सिंह राणा को रुद्रप्रयाग से अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून बनाया गया है।नारायण सिंह नबियाल को बागेश्वर से अपर जिलाधिकारी चमोली और विवेक प्रकाश को चमोली से अपर आयुक्त गन्ना एवं चीनी, काशीपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पंकज कुमार को ऊधमसिंह नगर से अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है। स्मिता परमार को देहरादून से नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की और नूपुर वर्मा को पौड़ी से नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जितेंद्र कुमार को हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून, कमलेश मेहता को टिहरी से अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग और विनोद कुमार को देहरादून से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऊधमसिंह नगर भेजा गया है।
वहीं परितोष वर्मा को हल्द्वानी से नगर आयुक्त काशीपुर और गोपाल राम बिनवाल को रुड़की से उप मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है।इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था और नगर निकायों की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।



