घटनाक्रम

धर्मनगरी में देर रात भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक, सिलेंडर धमाके से फैली दहशत

हरिद्वार: आस्था की नगरी हरिद्वार के व्यस्त इलाके विष्णु घाट के पास सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते खानपान से जुड़ी तीन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 1 बजे दुकानों से धुआं उठता दिखा। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। हालात तब और बिगड़ गए जब एक दुकान में रखा छोटा एलपीजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद आग तेजी से फैलते हुए पास के होटल हरि निवास और राज होटल तक पहुंच गई। दोनों होटलों की दूसरी मंजिल तक आग की लपटें दिखाई दीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तंग गलियों के कारण दमकल वाहनों को पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया और नजदीकी होटलों में ठहरे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। साथ ही दुकानों में रखे चार अन्य गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि घटना के समय बाजार बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अगर यह हादसा दिन में होता, तो नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था।आग की भयावह लपटों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दहशत में हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button