
थराली (चमोली):विकासखण्ड थराली के बूंगा गांव में एक महिला पर भालू के हमले का मामला सामने आया है।घास लेने जंगल गई महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान गोविंदी देवी उर्फ गोल्डी देवी, निवासी हरमनी तल्ली के रूप में हुई है,जो इन दिनों अपने मायके बूंगा गांव आई हुई थीं।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए कुलसारी से हेलीकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजा गया।घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना।विभाग की ओर से तत्काल राहत के रूप में 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती वन्यजीव घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।




