गदरपुर की बेटी प्रियांशी राज सिंह बनीं फॉरएवर मिस इंडिया सेकेंड रनरअप, नगर पालिका में हुआ भव्य सम्मान

गदरपुर : उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया जब प्रियांशी राज सिंह ने देश के प्रतिष्ठित फैशन और ब्यूटी पेजेन्ट मंच फॉरएवर यूनिवर्स एंड इंडिया ग्रैंड फिनाले सीजन-5 में ‘फॉरएवर मिस इंडिया सेकेंड रनरअप’ का खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रियांशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गदरपुर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर द्वारा नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी सभासदों की मौजूदगी में प्रियांशी को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र व शॉल भेंट की गई। सम्मान समारोह के दौरान प्रियांशी के पिता राजेन्द्र सिंह, माता अनीता सिंह और भाई अर्पित राज सिंह को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने परिवार को बेटी की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा बनी प्रियांशी
इस अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश भाजपा मंत्री गुंजन सुखीजा ने कहा “प्रियांशी की यह उपलब्धि केवल गदरपुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता से प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और यह साबित होता है कि उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं।”
5000 में से चुनी गईं टॉप 250 प्रतियोगियों में
प्रियांशी राज सिंह ने बताया कि फॉरएवर स्टार इंडिया द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से 5000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से केवल 250 प्रतिभागियों को फाइनल राउंड तक पहुंचने का अवसर मिला। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद प्रियांशी ने सेकेंड रनरअप का ताज अपने नाम किया।
सही मंच का चुनाव सफलता की कुंजी: प्रियांशी
अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए प्रियांशी ने कहा “सफलता प्राप्त करने के लिए सही प्लेटफॉर्म का चुनाव बेहद जरूरी होता है। मैं फॉरएवर स्टार इंडिया के संस्थापक राजेश अग्रवाल और डायरेक्टर जया चौहान की आभारी हूं, जिन्होंने मुझे यह अवसर प्रदान किया।” प्रियांशी की इस उपलब्धि के बाद गदरपुर नगर में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने प्रियांशी को बधाइयां देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




