क्राइम

गुप्तकाशी नरसिंह मंदिर चोरी कांड: महिलाओं की सूझबूझ से चार आरोपी पकड़े गए, पिकअप और सामान बरामद

रुद्रप्रयाग | जनपद रुद्रप्रयाग के थाना गुप्तकाशी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बरम्वाड़ी में ग्रामीणों की सतर्कता से मन्दिर में हुई चोरी का खुलासा हो गया है। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए चार शातिर चोरों को रंगे हाथों पकड़ लिया, साथ ही चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और भारी मात्रा में चोरी का सामान भी बरामद किया गया। दिनांक 27 जनवरी 2026 को ग्राम बरम्वाड़ी के पाली तोक स्थित नरसिंह मन्दिर में चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी का प्रयास किया गया। खेतों में काम कर रही स्थानीय महिलाओं ने जब इन व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं तो उन्होंने शोर मचाया। महिलाओं की आवाज सुनते ही आरोपी पिकअप वाहन संख्या UK17CA6240 से मौके से फरार हो गए।

महिलाओं ने तत्काल पूर्व ग्राम प्रधान अनूप सिंह को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर चोरों का पीछा किया और दोपहर लगभग 2 बजे टेमरिया के पास पिकअप वाहन को घेर लिया। मौके पर वाहन में तीन आरोपी पकड़े गए, जबकि एक अन्य आरोपी जंगल की ओर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया और थाना गुप्तकाशी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर प्राप्त तहरीर के आधार पर मु.अ.सं. 3/2026 , धारा 305, 317(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में विवेचनात्मक कार्यवाही जारी है। पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान मन्दिरों से संबंधित बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया, जिसमें शामिल हैं 225 दरांती, 03 कांसे की छोटी घंटियां, 08 चिमटे, 01 छोटा त्रिशूल, अन्य लोहे व कबाड़ का सामान , ग्रामीणों के अनुसार नरसिंह मन्दिर से चोरी हुई कुछ घंटियां और चिमटे रास्ते में छिपाए गए थे, जिन्हें आरोपियों की निशानदेही पर 4 घंटियां और सांगल बरामद कर लिया गया है।

पकड़े गए चारों अभियुक्तों ने स्वयं को लक्सर (हरिद्वार) निवासी बताया है सलमान पुत्र यूसुफ, कादिर पुत्र लतीफ, शाहनजर पुत्र आलिम, समीर पुत्र यूसुफ | पुलिस द्वारा आरोपियों से जनपद सहित अन्य क्षेत्रों में हुई मन्दिर चोरी की घटनाओं को लेकर भी गहन पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर द्वारा साझा की गई। उन्होंने ग्रामीणों की सजगता की सराहना करते हुए इसे सामुदायिक पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ग्रामीणों द्वारा दिए गए सहयोग और सटीक सूचना के लिए आभार प्रकट करती है। साथ ही आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या 112 पर तुरंत दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button