क्राइम
Trending

उत्तराखंड के इस शहर में पकड़ी गई अवैध हथियारों की फैक्ट्री,कई हथियार बरामद..

रुड़की(हरिद्वार)

रुड़की में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।गंगनहर कोतवाली पुलिस ने सलेमपुर रोड स्थित एक परिसर में छापेमारी कर JPS Solutions Pvt. Ltd. की आड़ में चल रहे इस अवैध धंधे का खुलासा किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार मौके से रुड़की निवासी जावेद को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण और कई अर्द्धनिर्मित हथियार भी मिले हैं, जिससे साफ होता है कि यहां लंबे समय से अवैध तरीके से हथियार तैयार किए जा रहे थे।

बरामदगी में 06 तमंचे, 01 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, 01 राइफल, 41 कार्टेज केस और 09 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने मौके से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी जब्त कर लिया है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लर ने बताया कि अवैध हथियारों को कब्जे में लेकर फैक्ट्री को जांच के अधीन सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री कंपनी की आड़ में संचालित की जा रही थी।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी जावेद के साथ इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यहां तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

गौरतलब है कि रुड़की क्षेत्र पहले भी नकली दवाइयों, नकली खाद्य पदार्थों और बिजली चोरी जैसे अवैध कारोबारों को लेकर सुर्खियों में रहा है। ऐसे में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button