विकासनगर में अवैध खनन के विरोध में SDO को सड़क पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा

देहरादून। विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर हालात एक बार फिर बिगड़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बाड़वाला हरिपुर पुल के पास का है, जहां अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग चकराता के एसडीओ अपनी टीम के साथ खनन गतिविधियों की जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। टीम खनन से लदे वाहनों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर साक्ष्य एकत्र कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने वन अधिकारी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। अन्य कर्मचारियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूत्रों के मुताबिक, अवैध खनन में संलिप्त लोग कार्रवाई से बचने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से अभी नहीं की गई है। विकासनगर क्षेत्र में अवैध खनन का मुद्दा पहले भी कई बार सुर्खियों में रहा है। लेकिन इस तरह खुलेआम सरकारी अधिकारी पर हमला होने से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।




