उत्तरकाशी में निर्माणाधीन पुल में अनियमितता, प्रोजेक्ट मैनेजर निलंबित

उत्तरकाशी। जिले में सौर से ओसला के बीच बन रहे निर्माणाधीन पुल में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। पुल निर्माण में तय मानकों की अनदेखी करते हुए रेत की जगह मिट्टी के इस्तेमाल का खुलासा होने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर को निलंबित कर दिया है।
मामला उस समय उजागर हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में पुल की प्लम वॉल के निर्माण के दौरान रेत के बजाय मिट्टी के उपयोग का दावा किया गया था, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए ब्रिडकुल विभाग ने तत्काल जांच शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर को सस्पेंड कर दिया। ब्रिडकुल के प्रबंध निदेशक राजेश शर्मा द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह पुल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 30 मीटर स्पैन वाले स्टील ट्रस ब्रिज के रूप में बनाया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद अन्य दोषियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




