देहरादून में लिव-इन विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवती ने लगाए गंभीर आरोप

देहरादून। राजधानी के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में एक युवती ने अपने साथी और उसके परिवार पर मारपीट और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 21-22 वर्षीय युवती पिछले डेढ़ वर्ष से एक युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। हाल के दिनों में दोनों के बीच संबंधों में तनाव बढ़ गया, जिसके चलते विवाद की स्थिति पैदा हो गई। युवती का आरोप है कि युवक द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद युवती ने युवक के परिजनों को मामले की जानकारी दी, लेकिन उनके द्वारा हस्तक्षेप से इंकार कर दिया गया। इसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ युवक के घर पहुंची, जहां विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान एक युवक के घायल होने की भी सूचना है, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। युवती ने एक वीडियो जारी कर पूरे मामले में न्याय की मांग की है। वहीं, पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




