भ्रष्टाचार

हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन मामले में चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पुलिस विभाग ने अनुशासन और कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने अवैध खनन के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर चौकी के प्रभारी सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से झबरेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इकबालपुर चौकी सीमा में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले की सूचना जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंची तो उन्होंने इसकी प्रारंभिक जांच करवाई। जांच में चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद कप्तान ने बिना देर किए सख्त कदम उठाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी समेत पांच अन्य पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से उन कर्मचारियों में खलबली मच गई है जो कानून के विरुद्ध गतिविधियों को नजरअंदाज कर रहे थे या उसमें संलिप्त पाए गए।

पूरे मामले की विस्तृत जांच पुलिस अधीक्षक देहात (SP Rural) को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी पुलिसकर्मी कानून के विरुद्ध कार्य करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button