स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की नई तारीख घोषित, 17 मई 2026 को होगा आयोजन

देहरादून। उत्तराखंड में बहुचर्चित पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार अब यह परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।इस भर्ती परीक्षा के तहत पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। प्रदेश के हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे थे।
गौरतलब है कि यह परीक्षा पहले 21 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी, लेकिन एक परीक्षा केंद्र पर नकल और पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया गया था। आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला लेना पड़ा, ताकि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।
पेपर लीक की खबर सामने आते ही प्रदेशभर में युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कई जगहों पर प्रदर्शन हुए और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं छात्रों के बीच पहुंचकर जांच का भरोसा दिलाया था और CBI जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। नई परीक्षा तिथि घोषित होने से अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। अब उम्मीदवारों को दोबारा तैयारी का अवसर मिलेगा और उम्मीद की जा रही है कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
हालांकि, पिछले विवाद को देखते हुए अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आयोग इस बार पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ परीक्षा आयोजित कर पाएगा। प्रदेश के लाखों युवाओं की नजर अब इस भर्ती प्रक्रिया पर टिकी हुई है।




