दुकान के नाम को लेकर कोटद्वार में बवाल, बजरंग दल का हंगामा, मारपीट का वीडियो वायरल

कोटद्वार: कोटद्वार में एक कपड़ों की दुकान का नाम “बाबा” रखने को लेकर विवाद गहरा गया। दो दिन पहले हुए मारपीट के मामले में शनिवार को देहरादून से आए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पटेल मार्ग पर करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाकर थाने की ओर ले गए। विवाद पटेल मार्ग स्थित एक कपड़ों की दुकान के नाम को लेकर है, जिस पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई है।
आरोप है कि दुकान के नाम के विरोध में पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ दुकानदार और उसके साथियों ने मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को दो दिन पुराना बताया जा रहा है। मामले ने तूल पकड़ने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता पटेल मार्ग स्थित दुकान पर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने पहले भी दुकान का नाम “बाबा” रखने पर आपत्ति जताई थी, जिस पर दुकानदार ने दुकान शिफ्ट करने के बाद नाम बदलने का आश्वासन दिया था। लेकिन दुकान स्थानांतरित होने के बावजूद नाम नहीं बदला गया।
वायरल वीडियो में बजरंग दल कार्यकर्ता यह कहते नजर आ रहे हैं कि कोटद्वार में “बाबा” नाम केवल सिद्धबली बाबा से जुड़ा हुआ है। इसी दौरान एक व्यक्ति, जो अपना नाम मोहम्मद दीपक बताता है, मौके पर पहुंचता है और कहता है कि दुकान 30 साल पुरानी है और इस मामले में “नेतागिरी” न की जाए।
आरोप लगाया गया है कि मोहम्मद दीपक ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




