घटनाक्रम

रुद्रप्रयाग में दो दिनों में तीन मौतों से सनसनी, होटल में महिला का शव मिलने से हड़कंप

रुद्रप्रयाग: पहाड़ों की शांत वादियों के लिए पहचाने जाने वाले रुद्रप्रयाग जिले में दो दिनों के भीतर हुई तीन संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जिला मुख्यालय के एक होटल में महिला का शव मिलने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है। इससे एक दिन पहले तिलवाड़ा–सुमाड़ी क्षेत्र में भी एक महिला और बच्चे के शव मिलने से लोग दहशत में हैं। शनिवार देर शाम रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय स्थित एक होटल के कमरे में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार महिला होटल में दो अन्य लोगों के साथ आई थी। लेकिन घटना सामने आने के बाद दोनों लोग मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल के कमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि फरार लोगों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में सघन अभियान चला रही है। वहीं इससे एक दिन पहले 6 मार्च को तिलवाड़ा और सुमाड़ी के बीच एक नाले के पास नेपाली मूल की एक महिला और एक बच्चे के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से महिला का पति लापता है, जिससे मामले में और भी रहस्य गहराता जा रहा है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और लापता पति की तलाश में जुटी हुई है। दोनों मामलों में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। लगातार दो दिनों में तीन मौतों की घटनाओं से रुद्रप्रयाग जिले में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पूरे मामले का सच पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button