घटनाक्रम

पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: इनोवा खाई में गिरी, तीन की मौत, एक घायल

पिथौरागढ़। जिले के जौलजीबी–मुनस्यारी मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगापानी और मदकोट के बीच उमरगड़ा के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

राजस्व उपनिरीक्षक हिमांशु नेगी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक इनोवा कार (DL 3CCN 3785) अचानक नियंत्रण खो बैठी और करीब 15 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में कुल चार लोग सवार थे और सभी पिथौरागढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि लच्छू नेगी और अंकित पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आयुष पंत और देवेंद्र पंत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला।

दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पिथौरागढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। देवेंद्र पंत का अस्पताल में उपचार जारी है।

राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि दुर्घटनास्थल मुनस्यारी थाना क्षेत्र में आता है और पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button