हल्द्वानी में दो महिला सोशल मीडिया ब्लॉगरों के बीच सड़क पर विवाद, पुलिस ने किया चालान
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में दो महिला सोशल मीडिया ब्लॉगरों के बीच हुआ विवाद सड़क पर हंगामे में बदल गया। मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र के चौपाटी इलाके का बताया जा रहा है, जहां दोनों महिलाओं के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर ज्योति अधिकारी और ब्लॉगर सुनीता भट्ट के बीच काफी समय से सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो और पोस्ट के जरिए आरोप-प्रत्यारोप लगा रही थीं। बताया जा रहा है कि जब दोनों महिलाएं चौपाटी क्षेत्र में आमने-सामने आईं तो पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला तीखी बहस में बदल गया। घटना के दौरान दोनों महिलाएं सड़क पर ही एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए बहस करती नजर आईं। विवाद बढ़ने के साथ ही आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर काठगोदाम थाने ले गई। मामले में पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चालान की कार्रवाई की है। साथ ही उन्हें भविष्य में इस तरह की स्थिति पैदा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई है। इस संबंध में एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि चौपाटी क्षेत्र में दो महिलाओं के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।




