वायरल / पड़तालवीडियो

रुड़की में मौत को न्योता देता वायरल डांस

रुड़की : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की से सोशल मीडिया के खतरनाक ट्रेंड की एक भयावह तस्वीर सामने आई है। चंद लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की चाहत किस हद तक युवाओं को मौत के मुहाने तक ले जा रही है, इसका ताजा उदाहरण रुड़की में देखने को मिला है। यहां एक युवक ने खुद को ‘फेमस’ करने की चाह में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक ऊंचे लोहे के पुल पर चढ़कर जानलेवा स्टंट कर डाला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।

हाईवे के ऊपर मौत से आंख-मिचौली

वायरल वीडियो रुड़की क्षेत्र के सालियर-मंगलौर बाईपास का बताया जा रहा है। इस स्थान पर एक ऊंचा लोहे का पुल बना हुआ है, जिसके नीचे से नेशनल हाईवे गुजरता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुल के नीचे तेज रफ्तार वाहन लगातार गुजर रहे हैं, जबकि ऊपर पुल के संकरे लोहे के गार्डर पर एक युवक खड़ा होकर बेखौफ अंदाज में डांस कर रहा है। युवक पुल के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़कर मोबाइल कैमरे के सामने रील बनवा रहा है, मानो उसे अपनी जान की कोई परवाह ही न हो।

अगर इस दौरान युवक का पैर जरा-सा भी फिसल जाता या संतुलन बिगड़ता, तो सीधा नीचे नेशनल हाईवे पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो सकती थी। वीडियो में दिख रही ऊंचाई और नीचे दौड़ते भारी वाहन हादसे की भयावहता को खुद बयां कर रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब दिनदहाड़े हुआ और आसपास मौजूद लोगों या कानून का युवक को कोई खौफ नजर नहीं आया।

सोशल मीडिया का नशा, युवाओं पर भारी

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सोशल मीडिया का बढ़ता नशा हमारी युवा पीढ़ी को किस दिशा में ले जा रहा है। वायरल होने की होड़ में युवा अपनी जान, परिवार और कानून तक को नजरअंदाज कर रहे हैं। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में सामने आई इस घटना ने प्रशासन और पुलिस के लिए भी एक नई चुनौती खड़ी कर दी है।

पुलिस ने शुरू की युवक की तलाश

मामले पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि “वायरल वीडियो के आधार पर रील बनाने वाले युवक की पहचान की जा रही है। युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जान जोखिम में डालकर इस तरह की रील बनाना कानूनी अपराध है। इससे पहले भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।” पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की अपील

प्रशासन और पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के चक्कर में अपनी जिंदगी से खिलवाड़ न करें। एक गलत कदम न सिर्फ उनकी जान ले सकता है, बल्कि उनके परिवार को भी जिंदगी भर का दर्द दे सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button