क्राइम

देहरादून और हरिद्वार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन हाई अलर्ट पर

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित जिला कोर्ट में बम होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। बताया जा रहा है कि कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जैसे ही यह मेल सामने आई, कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में पूरे परिसर को खाली कराया गया। ज्यूडिशरी के अधिकारी, कर्मचारी, वकील और आम लोगों को तत्काल बाहर निकाल दिया गया।

मौके पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता पहुंचकर जांच में जुट गया। कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। फिलहाल अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सघन जांच जारी है। मामला सिर्फ देहरादून तक सीमित नहीं है। देहरादून के साथ-साथ हरिद्वार के सत्र न्यायालय को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। हरिद्वार में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। कोर्ट परिसर को खाली कराकर पुलिस और बम निरोधक टीम द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहां भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के कोर्ट परिसरों को भी इसी तरह ई-मेल के माध्यम से धमकी दी जा चुकी है। ऐसे में लगातार न्यायालय परिसरों को निशाना बनाए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या यह किसी शरारती तत्व की करतूत है या फिर न्याय व्यवस्था को अस्थिर करने की सुनियोजित साजिश?

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर जांच शुरू कर दी है। मेल किस आईडी से भेजी गई, उसका स्रोत क्या है और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं—इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। देहरादून और हरिद्वार दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल किसी भी कोर्ट परिसर में विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button