हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के ऊपर कई गाड़ियों में लगी आग,महिला की मौत..

हरिद्वार(रायवाला)
रायवाला के हरिपुर कलां क्षेत्र में हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया।धार्मिक कार्यक्रम से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की ट्रक,बस और दो कारों से जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर और ट्रैक्टर में आग लग गई,जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।साथ ही घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।
इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई।मृतका की पहचान बिजनौर निवासी कुसुम के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि वह धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।




