
चमोली। कर्तव्य के प्रति समर्पण की एक दिलचस्प मिसाल कर्णप्रयाग में देखने को मिली।यहां उपजिलाधिकारी एवं गौचर मेले के मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने पहले अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई और मेला संपन्न कराने के बाद अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत की।
दरअसल, 14 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित राजकीय गौचर मेले में मेलाधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने बीती 20 नवंबर की शाम मेले का सफलतापूर्वक समापन कराया।इसके बाद 21 नवंबर को उन्होंने कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध उमा देवी मंदिर में अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में उपजिलाधिकारी पद पर तैनात यक्षी अरोड़ा के साथ विवाह रचाया।
खास बात यह रही कि मेले की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद महज एक रात में शादी की तैयारियां की गईं और अगले दिन दोनों विवाह के बंधन में बंध गए।बेहद सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित इस विवाह समारोह में दोनों परिवारों के चुनिंदा परिजन ही मौजूद रहे।2023 बैच के PCS अधिकारी अलकेश नौडियाल मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के पुरोला के रहने वाले हैं, जबकि उनकी जीवनसंगिनी यक्षी अरोड़ा काशीपुर की निवासी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले चमोली के जिलाधिकारी रह चुके संदीप तिवारी ने भी गोपेश्वर स्थित प्रसिद्ध गोपीनाथ मंदिर में सादगीपूर्ण समारोह के बीच विवाह किया था।फिलहाल,अलकेश नौडियाल की यह शादी इसलिए भी चर्चा में है कि उन्होंने निजी जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर से पहले अपनी सरकारी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हुए गौचर मेले का सफल आयोजन और समापन सुनिश्चित किया।




