हल्द्वानी में देर रात दो महिलाओं ने साथियों के साथ मिलकर चालक को लूटा

हल्द्वानी। शहर में लूट की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां देर रात दो महिलाओं ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर एक चालक को निशाना बनाया और उससे मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी राजीव शर्मा रविवार रात करीब 11 बजे अपनी ईको कार से यात्रियों को लेकर हल्द्वानी आ रहे थे। रास्ते में रोडवेज बस अड्डे के पास दो महिलाएं उनकी गाड़ी में बैठ गईं और हल्द्वानी चलने को कहा। हल्द्वानी पहुंचने के बाद महिलाओं ने चालक से एफटीआई/आईटीआई के पास छोड़ने के लिए कहा। वहां पहुंचकर उन्होंने टीपी नगर की ओर जाने वाली सुनसान सड़क पर ले जाने को कहा। जब चालक ने अंधेरा होने की वजह से आगे जाने से मना किया तो उसी दौरान तीन युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों युवक जबरन कार में बैठ गए और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।इसके बाद आरोपियों ने चालक राजीव शर्मा का मोबाइल फोन और करीब पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। बताया जा रहा है कि इस पूरी वारदात में दोनों महिलाएं भी शामिल थीं। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद पांचों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित चालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।




