सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले शिक्षकों की बढ़ेंगी मुश्किलें,शिक्षा निदेशालय ने दिए कार्रवाई के निर्देश…

देहरादून।उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने ऐसे कर्मचारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई की रिपोर्ट निदेशालय को भेजने को कहा गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां उत्तराखंड राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के नियम 3(1), 3(2) और नियम 7 के प्रावधानों का उल्लंघन हो सकती हैं। निदेशालय का मानना है कि इस तरह की गतिविधियों से विभाग और राज्य की छवि प्रभावित होती है।
निर्देशों के मुताबिक, संबंधित शिक्षक या कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए आवश्यक साक्ष्यों के साथ प्रस्ताव नियुक्ति प्राधिकारी को भेजा जाएगा।इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए इसकी जानकारी माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भी उपलब्ध करानी होगी।
गौरतलब है कि शिक्षा निदेशालय इससे पहले भी 23 फरवरी को इस संबंध में निर्देश जारी कर चुका है। उस समय भी सोशल मीडिया पर अनर्गल और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ आचरण नियमावली के तहत कार्रवाई करने को कहा गया था।
इसके बावजूद दोबारा निर्देश जारी किए जाने से साफ है कि शिक्षा विभाग सरकारी कर्मचारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर गंभीर है। अब ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे साक्ष्यों के आधार पर प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करें।



