घटनाक्रम
Trending

पौड़ी गढ़वाल:मुर्गी बाड़े में फंसा गुलदार,वन विभाग ने किया रेस्क्यू..

पौड़ी:

पौड़ी गढ़वाल जिले के मासों तल्ला क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब एक गुलदार मुर्गी बाड़े में फंस गया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई और वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेस्क्यू अभियान शुरू किया।करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया।रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि गुलदार को सुरक्षित रूप से नागदेव रेंज लाया गया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाड़े में फंसे रहने के दौरान गुलदार ने नौ मुर्गियों को अपना शिकार बना लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।स्थानीय निवासी शंकर नौटियाल के अनुसार गुलदार पहले भी लोगों और पालतू पशुओं पर हमला कर चुका है, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में एक से अधिक गुलदार हो सकते हैं।

मुर्गी बाड़े के मालिक अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी गुलदार उनके कई मुर्गों को उठा ले गया था।बीती रात वह सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर बाड़े में घुस गया और कई मुर्गियों को मार डाला।कुछ मुर्गियों को वह अपने साथ ले गया, जबकि कई मृत अवस्था में मिलीं।

अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि उनका परिवार कृषि, बागवानी और मुर्गी पालन पर निर्भर है, लेकिन गुलदार की बढ़ती गतिविधियों के कारण ग्रामीणों में लगातार डर बना हुआ है।उन्होंने कहा कि लोग खेतों और बागानों में काम करने से भी घबराने लगे हैं।ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में प्रभावी कदम उठाने और गुलदार के आतंक से जल्द राहत दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button