
चमोली।चमोली जनपद में अलग-अलग स्थानों पर लापता हुए दो लोगों की तलाश दुखद अंत के साथ समाप्त हुई।नंदानगर विकासखंड के सुतोल गांव से लापता 19 वर्षीय सुमित्रा का शव नंदाकिनी नदी से बरामद हुआ,जबकि भारत-चीन सीमा क्षेत्र में जोशीमठ विकासखंड के तमक नाले में बहकर लापता हुए BRO जवान पवन सिंह का शव भी 12 दिन बाद खोज लिया गया।
नंदानगर क्षेत्र में शनिवार को तांगला बैंड के सामने पुराने पावर हाउस के समीप नंदाकिनी नदी में एक शव दिखाई दिया।ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे,तभी उनकी नजर पानी में फंसे शव पर पड़ी।सूचना पर पुलिस, तहसील प्रशासन और DDRF नंदानगर की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला।शव की पहचान सुतोल की लापता 19 वर्षीय सुमित्रा के रूप में हुई।पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया,जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं दूसरी घटना भारत-चीन सीमा क्षेत्र के जोशीमठ विकासखंड की है।यहां तमक नाले के उफान में बहकर लापता हुए BRO जवान पवन सिंह का शव 12 दिन बाद बरामद हुआ।जवान की तलाश में सेना,NDRF और SDRF की टीमें लगातार अभियान चला रही थीं। लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद उनका शव बरामद किया गया।




