क्राइम
Trending

दून में एड्स से ग्रसित सरकारी टीचर की पत्नी की मौत,बीमारी छुपाने पर मुक़दमा दर्ज..

देहरादून।

राजधानी देहरादून में एक सरकारी शिक्षक के खिलाफ गंभीर आरोपों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि शिक्षक ने विवाह से पहले और बाद में अपनी पत्नी से एचआईवी (HIV) संक्रमण से संबंधित जानकारी छिपाई। शिकायतकर्ता का दावा है कि इसी वजह से महिला संक्रमित हुई और बाद में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मामले की शिकायत मृतका की बहन ने दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि महिला की तबीयत बिगड़ने पर 14 फरवरी को उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान महिला के एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने इसके बाद उसके पति और बेटे की भी जांच कराने की सलाह दी थी।

आरोप है कि डॉक्टरों की सलाह के बावजूद शिक्षक अस्पताल से चला गया और जांच कराने से बचता रहा। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ समय बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी एक रिपोर्ट भेजी, जिसमें उसे एचआईवी नेगेटिव बताया गया था। हालांकि, परिजनों को बाद में इस रिपोर्ट की प्रामाणिकता पर संदेह हुआ।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान आरोपी ने उसकी देखभाल नहीं की और उसे अस्पताल में छोड़कर अपने गांव चला गया। उपचार के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही और 2 मार्च को उसकी मृत्यु हो गई।

परिजनों का आरोप है कि विवाह के समय और उसके बाद भी शिक्षक ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में सही जानकारी साझा नहीं की। उनका कहना है कि यदि संक्रमण की जानकारी समय रहते मिल जाती तो आवश्यक उपचार और सावधानियों के जरिए हालात को बेहतर ढंग से संभाला जा सकता था।

प्रेमनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक और कुछ अन्य परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मेडिकल दस्तावेजों, जांच रिपोर्टों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे।साथ ही यह भी जांचा जाएगा कि आरोपी द्वारा उपलब्ध कराई गई जांच रिपोर्ट वास्तविक थी या नहीं। संक्रमण, उपचार और मृत्यु से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा बनाए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मामलें में जांच की जा रही है।जांच पूरी होने और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button