
चमोली(गुरुवार 11 जून)
चमोली के दूरस्थ विकासखंड देवाल में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़कते हुए सीधे कैल नदी में जा गिरा।हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं।
चमोली के डीएम ने बताया कि देवाल ब्लॉक क्षेत्र में छोटा यात्री वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिली हैं,वाहन में 8 से 10 लोगो के सवार होने की जानकारी मिली हैं।हादसें में चार लोगो की मौत और तीन लोग घायल हैं।अन्य लोगो की तलाश के लिए डीडीआरएफ़ और स्थानीय प्रशासन द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंनार के समीप वाहन चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरता हुआ उफनती कैल नदी में समा गया।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान एक महिला और एक बच्चा वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई।दोनों को चोटें आई हैं।प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से कुल तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी से अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं।दुर्घटना की सूचना पर प्रशासन,पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधि महाबीर बिष्ट ने बताया कि जिन लोगों ने वाहन को खाई में गिरते हुए देखा था,उनकी निशानदेही पर ग्रामीणों और रेस्क्यू टीमों द्वारा नदी किनारे व्यापक खोजबीन अभियान चलाया गया।कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया तथा घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




