घटनाक्रम
Trending

उत्तराखंड में सड़क हादसों का कहर,अल्मोड़ा और हरिद्वार में सात की मौत,कई घायल

हरिद्वार/अल्मोड़ा:

उत्तराखंड में सोमवार को अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।अल्मोड़ा जिले में एक अल्टो कार गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।वहीं,हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में नजीबाबाद हाईवे पर हुए हादसे में तीन लोगों की जान चली गई,जबकि चार अन्य घायल हो गए।

अल्मोड़ा के चायखान-बेगानिया मार्ग पर बलिया गांव के पास छह लोगों को लेकर जा रही अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।हादसे में चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला।मृतकों में एक पिता भी शामिल हैं,जबकि उनका बेटा गंभीर हालत में उपचाराधीन है।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

उधर,हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे नजीबाबाद हाईवे पर चंडीगढ़ से बिजनौर जा रही एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई।पिकअप में नौ लोग सवार थे।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का पिछला हिस्सा खुला होने के कारण कुछ सवार पुल के नीचे गिर गए।हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि चालक सहित अन्य सवारियों से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा,जिसे बाद में सुचारु करा दिया गया।

प्रदेश में कुछ ही घंटों के भीतर हुए इन दोनों हादसों ने सात परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है।पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button