खेल
Trending

UPL में पहुँचने पर सिंगर मासूम शर्मा का विरोध,CM धामी ने भी कार्यक्रम से बनाई दूरी..

देहरादून:

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के उत्तराखंड पहुंचने पर एक बार फिर विरोध देखने को मिला।देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में मासूम शर्मा ने अपनी प्रस्तुति दी।इसी दौरान उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यक्रम में शामिल किए जाने का विरोध किया।विरोध को देखते हुए स्टेडियम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। प्रदर्शन कर रहे यूकेडी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

मासूम शर्मा इससे पहले भी उत्तराखंड में विवादों में रह चुके हैं।कुछ महीने पहले वह डीएवी कॉलेज के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मंच से उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की बात कही थी और कुछ लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।

मंच से की गई कथित गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तराखंड में कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने इसका विरोध किया था।संगठनों ने शर्मा के उत्तराखंड में कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई थी।इस मामले में डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई थी।

डीएवी कॉलेज के उस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे।वहीं,इस बार रायपुर में आयोजित यूपीएल के फाइनल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मुख्य अतिथि होने की चर्चा के बावजूद उनके कार्यक्रम से दूरी बनाने की बात सामने आई है।बताया जा रहा है कि मासूम शर्मा को लेकर हो रहे विरोध के बीच मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का फैसला लिया। हालांकि,मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से दूरी बनाने के कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मासूम शर्मा को एक बार फिर उत्तराखंड में बड़े सार्वजनिक आयोजन में मंच दिए जाने को लेकर यूकेडी ने सवाल उठाए और विरोध प्रदर्शन किया।पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।अब सवाल यही है कि पहले विवादों में रहे मासूम शर्मा को दोबारा उत्तराखंड के एक बड़े खेल आयोजन में प्रस्तुति के लिए बुलाए जाने को लेकर उठ रहा विरोध आने वाले दिनों में किस दिशा में जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button