राजनीति
Trending

गौचर में सिमली बेस अस्पताल और जौलजीवी में माईक बंद होने पर विधायक हरीश धामी का हंगामा..

चमोली/जौलजीवी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गौचर और जौलजीबी मेले के दौरे के बाद दो अलग-अलग जगहों पर जमकर हंगामा देखने को मिला।चमोली के 74वें गौचर मेले में मुख्यमंत्री के जाने के बाद सिमली बेस अस्पताल की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण अचानक मंच पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।वहीं, पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने मंच पर जमकर हंगामा किया।

दरअसल, सिमली में बेस अस्पताल बनवाने की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से आंदोलनरत हैं।इसी मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का घेराव करने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष 74वें गौचर मेले में पहुंचे थे।प्रशासन की ओर से ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया गया था,लेकिन जौलजीबी मेले में कार्यक्रम में देरी होने के चलते मुख्यमंत्री ग्रामीणों से मुलाकात किए बिना ही गौचर से रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री के जाने के बाद नाराज ग्रामीण गौचर मेला मैदान पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारी मंच पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

वहीं,दूसरी ओर पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद जमकर बवाल देखने को मिला। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने मंच पर जमकर हंगामा किया।आरोप है कि विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधन का मौका नहीं दिया गया और मुख्यमंत्री उनके संबोधन से पहले ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। इसी बात से नाराज विधायक ने मंच पर माइक पटक दिया। वहीं, उनके समर्थकों ने कुर्सियां फेंकी और पोडियम भी गिरा दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।

हंगामे के बाद विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को डरपोक और भगोड़ा तक कह दिया। विधायक ने वर्ष 2022 में किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रचार करने की चुनौती भी दी।

एक तरफ गौचर में ग्रामीण सिमली बेस अस्पताल की मांग को लेकर सरकार से नाराजगी जाहिर कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक के हंगामे ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद दोनों मेलों में हुए इन घटनाक्रमों ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button