देवभूमि में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद…

चंपावत: उत्तराखंड में चम्पावत जिले के बनबसा में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं।मामले में उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी 35 वर्षीय विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार,23 अक्टूबर को धनुषपुल चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।इसी दौरान खटीमा की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान कार से 1,680 ट्रामाडोल युक्त कैप्सूल,790 प्रीगैबलिन कैप्सूल और 300 टैपेंटाडोल टैबलेट बरामद हुईं।इसके अलावा पुलिस ने चार हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया।
बरामद दवाओं की जांच औषधि निरीक्षक से कराई गई।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कुमाऊं क्षेत्र में दवाइयों की आड़ में नशीली दवाओं की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।आरोपी ने इन दवाओं को पीलीभीत के एक डिस्ट्रीब्यूटर से खरीदने की जानकारी भी दी है।
पुलिस अब इस मामले में दवाओं की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है,ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




