घटनाक्रम
Trending

उत्तराखंड में दो सड़क हादसों में 12 की मौत कई घायल..

टिहरी/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह दो बड़े सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया।टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।हादसे में अब तक 08 लोगों की मौत की सूचना है,जबकि करीब 20 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।वहीं,रुद्रप्रयाग जिले की केदारनाथ विधानसभा स्थित क्यूंजा घाटी में सोमवार देर रात बारातियों से भरी बोलेरो गहरी खाई में गिर गई।इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।दोनों हादसों के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।घटना में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें पुलिस के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे।अभी तक तक लगभग 19 घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे में अब तक 08 लोगों की मौत की सूचना है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।वहीं,रुद्रप्रयाग जिले की केदारनाथ विधानसभा की क्यूंजा घाटी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।पोखरी में आयोजित शादी समारोह से बारातियों को लेकर लौट रही बोलेरो बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर भट्टवारी-कंडारा के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार सोमवार 16 नवंबर की रात करीब नौ बजे बोलेरो वाहन संख्या UK 13 TA 1013 पोखरी से रांसी की ओर जा रहा था। रात करीब दस बजे डायल 112 के माध्यम से वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में स्थानीय लोगों की मदद से रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे में ग्राम रांसी निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), ग्राम देड़ा निवासी सूरत सिंह (42) और रांसी की दादा गैड़ बस्ती निवासी बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई।

घायलों में उम्मेद सिंह राणा और राजेंद्र सिंह को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि लविश राणा, आठ वर्षीय वंशिका, उर्मिला देवी और पूजा की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर रेफर किया गया है।पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद रांसी-गोंडार सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है। शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button