9 हजार रुपये की सैलरी पर नाबालिग से करवाई जा रही थी चरस तस्करी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में चरस तस्करी से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। काठगोदाम पुलिस ने एक नाबालिग को 107 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि एक युवक ने उसे 9 हजार रुपये महीने की सैलरी पर चरस बेचने के लिए रखा हुआ था। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात काठगोदाम पुलिस की टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मंगली प्लॉट क्षेत्र के पास एक किशोर संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके बैग से 107 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसे एक युवक ने महीने के 9 हजार रुपये पर चरस की तस्करी करने के लिए रखा हुआ था। वह मांग के अनुसार अलग-अलग जगहों पर चरस पहुंचाता था।
बताया जा रहा है कि वह चरस लगभग 1000 रुपये प्रति तोला के हिसाब से बेचता था।नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना सलड़ी निवासी कमल नाम का युवक है। पुलिस के अनुसार नाबालिग उसी के साथ भुजियाघाट क्षेत्र में किराये के कमरे में रहता था। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद उसे बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।




