खंडहर में मिली महिला की लाश, हत्या या ओवरडोज़? पुलिस जांच में जुटी

देहरादून। राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के पास स्थित चूनाभट्टा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खंडहरनुमा मकान से करीब 35 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका के परिजनों के अनुसार महिला पिछले तीन दिनों से घर से लापता थी। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसकी तलाश इस दर्दनाक अंत तक पहुंच जाएगी। महिला का पति ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करता है और घर में 3 से 4 साल का एक छोटा बच्चा भी है, जो अब मां के साए से वंचित हो गया है।
जानकारी के मुताबिक महिला लंबे समय से स्मैक के नशे की गिरफ्त में थी। परिवार ने कई बार उसे समझाने और इस लत से बाहर निकालने की कोशिश की। कुछ समय पहले उसे नशामुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया गया था। वहां से लौटने के बाद कुछ हफ्तों तक हालात सामान्य रहे और परिवार को उम्मीद थी कि अब सब ठीक हो जाएगा, लेकिन जल्द ही महिला फिर से नशे की गिरफ्त में चली गई। पुलिस जांच के दौरान महिला के हाथों पर कई निशान पाए गए हैं, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि वह इंजेक्शन के जरिए नशा करती थी। ऐसे में ड्रग ओवरडोज़ से मौत होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि मामले को और गंभीर बनाते हुए महिला के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि चूनाभट्टा इलाके में खुलेआम नशे का कारोबार चलता है और इसकी जानकारी कई बार पुलिस को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते नशे के कारोबार पर सख्ती की जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
गौरतलब है कि देहरादून में पिछले कुछ वर्षों में नशे का चलन तेजी से बढ़ा है। पुलिस विभाग “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान भी चला रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। चूनाभट्टा की यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों का वास्तविक असर कितना है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि महिला की मौत ड्रग ओवरडोज़ से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है।




