चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर यात्रा तैयारियों का लिया जायजा..

गोपेश्वर(चमोली)
चारधाम यात्रा की तैयारियों का जायज़ा लेने चमोली के प्रभारी मंत्री व कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बद्रीनाथ धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भी कपाट खुलने की तैयारियों में तेजी लाने ले निर्देश दिए।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कमेड़ा से बद्रीनाथ धाम तक बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कमेड़ा, नंदप्रयाग, पागलनाला, भनेरपानी एवं टंगड़ी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में एनएचआईडीसीएल द्वारा संचालित मार्ग सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इन संवेदनशील स्थलों पर युद्धस्तर पर कार्य पूर्ण करने, अतिरिक्त मशीनरी और मैनपावर तैनात करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बीआरओ के अधिकारियों को मारवाड़ी के आगे हाथीपहाड़ क्षेत्र सहित अन्य क्षतिग्रस्त स्थलों पर सड़कों के त्वरित सुधारीकरण के निर्देश दिए गए। वहीं पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) अधिकारियों को बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान से जुड़े कार्य तय समय पर पूर्ण करने और गति बढ़ाने को कहा गया।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाए तथा संभावित आपदा स्थलों पर पूर्व तैयारी के साथ सतर्कता बरती जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।इस दौरान उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न एलपीजी आपूर्ति संबंधी चुनौतियों और उनके समाधान के लिए किए जा रहे वैकल्पिक उपायों की भी जानकारी दी, ताकि यात्रा के दौरान आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध रह सकें।




