चमोली: ग्वीलों बैंड के पास दर्दनाक सड़क हादसा, बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत

चमोली: चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर–चमोली सड़क मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
ग्वीलों बैंड के समीप एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय स्कूटी सवार महिला गोपेश्वर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान ग्वीलों बैंड के पास एक बस अनियंत्रित हो गई और उसने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान मंजू देवी (35 वर्ष) पत्नी भरत सिंह नेगी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम ईरानी की निवासी थीं और वर्तमान में कोठियालसैंण में रह रही थीं। अस्पताल में मौजूद मृतका के पति ने बताया कि उनकी पत्नी किसी आवश्यक कार्य से गोपेश्वर जा रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने ग्वीलों बैंड क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं और समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में ऐसे और दर्दनाक हादसे हो सकते हैं।




