
देहरादून:(11 फरवरी 2026)
राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले ऋषिकेश में प्रीति हत्याकांड ने लोगों को दहला दिया, फिर गुंजन की बीच बाजार में चापड़ से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई, और अब ताजा मामला राजधानी के सबसे व्यस्त इलाके तिब्बती मार्केट–परेड ग्राउंड के पास सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक 42 वर्षीय व्यवसायी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।
सोमवार को हुई इस सनसनीखेज वारदात में मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी का संचालन करते थे। वह कर्नल आर.सी. शर्मा के पुत्र थे और आईटीबीपी क्षेत्र में निवास करते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने पहुंचे थे। खेल समाप्त होने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अर्जुन शर्मा ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय व्यापारियों व आम लोगों में भय का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। आम जनता के बीच यह चर्चा तेज है कि जब भीड़भाड़ वाले बाजार और सार्वजनिक स्थान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आखिर लोग खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करें? पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा, लेकिन बढ़ती वारदातों ने कानून व्यवस्था की स्थिति पर नई बहस छेड़ दी है।




