पर्यटन / तीर्थाटन

लोक भवन में 27 फरवरी से 1 मार्च तक वसंतोत्सव, ‘फ्लोरल हीलिंग’ थीम पर सजेगा देहरादून

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित लोक भवन में 27 फरवरी से 1 मार्च तक भव्य वसंतोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष वसंतोत्सव की थीम ‘फ्लोरल हीलिंग’ रखी गई है, जो फूलों के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देगी।

राज्यपाल ले. जन. गुरमीत सिंह (सेनि) ने शुक्रवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि वसंतोत्सव अब देहरादून की सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहचान बन चुका है। यह आयोजन पुष्प पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन को भी नई दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लोग इस उत्सव का बेसब्री से इंतजार करते हैं। आयोजन का समय 27 फरवरी सुबह 11 बजे उद्घाटन, दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुला, 28 फरवरी और 1 मार्च सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। कट फ्लावर, पोटेड प्लांट, हैंगिंग पॉट्स जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं होंगी। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

इस वर्ष पहली बार हाइड्रोपोनिक टेक्नोलॉजी को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है, जो आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय और आईटीडीए आगंतुकों की संख्या और उनकी इमोशनल मैपिंग करेंगे। इसके लिए विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया गया है।

पहली बार रिदमिक योगा कार्यक्रम का सजीव प्रदर्शन एनआईईपीवीडी के छात्र प्रस्तुत करेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव केवल पुष्प प्रदर्शनी नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सामाजिक समरसता और नई कृषि संभावनाओं का उत्सव है। फूल श्रद्धा, पवित्रता और समर्पण के प्रतीक हैं। वे न केवल बाहरी सौंदर्य, बल्कि आंतरिक चेतना और जागरूकता का भी संदेश देते हैं। वसंतोत्सव 2026 एक बार फिर देहरादून को रंगों, खुशबू और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर करने को तैयार है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस उत्सव में भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button