देवप्रयाग हादसा:जैसलमेर के दो परिवारों में तीन मौतें,चार लापता एक घायल,रेस्क्यू जारी…

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के समीप मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में बदरीनाथ धाम से लौट रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरती दिखाई दे रही है।कार करीब 200 मीटर नीचे लुढ़कते हुए गंगा नदी में समा गई।
हादसे में एक 12 वर्षीय बालक को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि देर शाम तक दो पुरुषों और एक महिला के शव बरामद किए जा चुके हैं। चार अन्य लोगों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार,थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा दर्शन होटल के पास सुबह करीब 10 बजे यह दुर्घटना हुई।स्थानीय लोगों ने वाहन को सड़क से नीचे गिरते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि कार संख्या यूके-08-टीए-5433 बदरीनाथ धाम से लौट रही थी।वाहन सड़क किनारे मिट्टी के ढेर को पार कर अनियंत्रित हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा।हादसे में घायल आयुष्मान परिहार (12) को रेस्क्यू कर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी तट के पास दो पुरुषों और एक महिला के शव बरामद किए गए।हालांकि देर शाम तक उनकी औपचारिक पहचान नहीं हो सकी थी।वहीं चार अन्य लोगों की तलाश में एसडीआरएफ,पुलिस और गोताखोरों की टीमों ने गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
देवप्रयाग के तहसीलदार बीरम सिंह पंवार ने बताया कि वाहन में राजस्थान के जैसलमेर निवासी दो परिवारों के सदस्य सवार थे। इनमें हरीश कुमार परिहार, उनकी पत्नी गुड्डी देवी (40), पुत्र अवलेश (22), पुत्र आयुष्मान (12), पुत्री जाह्नवी (18), डॉ. दिनेश (27), उनकी पत्नी कमला तथा वाहन चालक शामिल थे।
प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया जारी है। लापता लोगों की तलाश के लिए बुधवार सुबह एक बार फिर गंगा नदी में व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।




