राजनीति
Trending

प्रदेश में पहली बार विधानसभा सदन की तर्ज पर नंदानगर बीडीसी बैठक का LIVE प्रसारण

नंदानगर(चमोली)

चमोली जनपद के दूरस्थ विकासखंड नंदानगर से लोकतंत्र की एक नई तस्वीर सामने आई है।ब्लॉक प्रमुख हीमा देवी की पहल पर प्रदेश में पहली बार ब्लॉक स्तर की BDC बैठक को विधानसभा सदन की तर्ज पर सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित किया गया,जिसने ग्रामीण शासन व्यवस्था को डिजिटल मंच पर नई पहचान दी।

इस ऐतिहासिक बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।लाइव प्रसारण के जरिए दूर-दराज़ के गांवों में बैठे लोगों ने अपने जनप्रतिनिधियों को विकास से जुड़े मुद्दे सदन में उठाते हुए देखा।इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने भी कमेंट सेक्शन के माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे साझा कर सहभागिता का नया उदाहरण पेश किया।

बैठक के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया गया।अधूरी तैयारी और आंकड़ों के बिना पहुंचे अधिकारियों को प्रभारी जिलाधिकारी के रूप में मौजूद मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने कड़ी फटकार लगाई।वहीं सिंचाई और विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता,सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं के बैठक से अनुपस्थित रहने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।

ब्लॉक प्रमुख हीमा देवी ने भी सख्ती दिखाते हुए बैठक में पहुंचे विद्युत विभाग के क्लर्क को सक्षम अधिकारी न मानते हुए सदन से बाहर कर दिया, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि जवाबदेही में कोई समझौता नहीं होगा।

सदन में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, शिक्षा, आंगनबाड़ी और शराबबंदी जैसे ज्वलंत मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आगामी BDC बैठक से पहले जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

नंदानगर विकासखंड की यह पहल न केवल पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक मजबूत कदम है,बल्कि यह भी दिखाती है कि डिजिटल माध्यमों के जरिए गांव-गांव तक लोकतंत्र को कैसे और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button