घटनाक्रम

देहरादून में फल को लेकर विवाद ने लिया बड़ा रूप, बुजुर्ग महिला फल विक्रेता से धक्का-मुक्की के बाद इलाके में तनाव

 देहरादून:  देहरादून के गांधी ग्राम इलाके में एक मामूली बात ने अचानक तनाव का माहौल पैदा कर दिया। फल खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला फल विक्रेता के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की के आरोप भी सामने आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांधी ग्राम इलाके में बुधवार शाम उस समय विवाद खड़ा हो गया जब कुछ युवक एक फल की ठेली से फल खरीदकर ले गए। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने पर उनमें से कुछ फल खराब निकले। इसके बाद युवक फल वापस करने के लिए दोबारा उसी ठेली पर पहुंचे। इसी बात को लेकर फल बेच रही बुजुर्ग महिला और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी तीखी बहस में बदल गई। आरोप है कि युवकों ने बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की भी की। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय से थे, जिसके चलते कुछ ही देर में दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लक्ष्मण चौक चौकी और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और भीड़ को मौके से हटाकर हालात को नियंत्रण में लिया।इस मामले में सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बुधवार शाम लक्ष्मण चौक चौकी को गांधी ग्राम क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button