घटनाक्रम

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: पिकअप वाहन गंगा में समाया, दो लोगों के लापता होने की आशंका

देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सुबह लगभग पांच बजे ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गंगा नदी में गिर गया। हादसा देवप्रयाग से पहले चिलडांग क्षेत्र के समीप हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से उतरकर सीधे गंगा नदी में जा समाया। घटना के समय क्षेत्र में हल्की धुंध और कम रोशनी बताई जा रही है, हालांकि हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्रशासन के मुताबिक वाहन में दो लोगों के सवार होने की आशंका है। तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ के गोताखोर और पुलिस जवान युद्धस्तर पर तलाश अभियान चला रहे हैं। काफी मशक्कत के बावजूद अब तक न तो वाहन का पता चल पाया है और न ही लापता व्यक्तियों का। नदी का तेज बहाव रेस्क्यू कार्य में बाधा बन रहा है।

पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य स्रोतों के जरिए सवार व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी किसी प्रकार की जानकारी साझा करने की अपील की है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से हाईवे पर सावधानी बरतने और वाहन चलाते समय सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button