घटनाक्रम

पौड़ी में दुकान के भीतर व्यापारी का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

पौड़ी। पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दुकान के भीतर व्यापारी का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पौड़ी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह आसपास के दुकानदारों ने देखा कि धारा रोड स्थित एक दुकान खुली हुई है। जब उन्होंने दुकान के अंदर झांककर देखा तो दुकानदार अचेत अवस्था में फर्श पर लेटा हुआ मिला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पौड़ी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या घाव के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद शहर में अफरातफरी और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

वहीं, व्यापारी विजय आनंद सिंह के अपनी ही दुकान में मृत पाए जाने की घटना से स्थानीय व्यापारियों में शोक की लहर है। व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि एक व्यापारी का इस तरह अपनी दुकान में मृत मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी व्यापारी सच्चाई सामने आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। नगर के व्यापारियों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button