यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी में मलबे से बनी झील ने बढ़ाई चिंता,प्रशासन अलर्ट…

उत्तरकाशी:उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित स्यानाचट्टी कस्बा मलबा आने से यमुना नदी में बनी अस्थाई झील की चपेट में आ गया है। झील बनने से कस्बे के दो मंजिला मकान, होटल, पुल और हाईवे का हिस्सा डूब गया है। हालात गंभीर होते देख प्रशासन ने तुरंत लोगों को घरों और होटलों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें झील से पानी की निकासी और चैनलाइजेशन के प्रयासों में जुटी हैं।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है,जल्द ही झील का पानी निकाल लिया जाएगा और सभी सुरक्षात्मक उपाय प्रशासन की ओर से सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
पिछले एक घंटे में झील के जलस्तर में लगभग 2 फीट की कमी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कदम उठाने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावितों के लिए भोजन, दवाइयां, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा है।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि दलदल जैसी स्थिति के कारण चैनलाइजेशन तुरंत संभव नहीं हो पा रहा है, लेकिन पानी की निकासी नदी के एक हिस्से से की जा रही है। राहत दल लगातार अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से अफवाहों से बचने और धैर्य बनाए रखने की अपील की।
मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात हैं और पूरे क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। स्वास्थ्य, राजस्व और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम भी ग्राउंड जीरो पर मौजूद हैं।