यात्रियों को न हो असुविधा,यात्राकाल के दौरान देहरादून से ऋषिकेश शिफ्ट होगा BKTC कार्यालय:हेमंत द्विवेदी

देहरादून,25 फरवरी 2026
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बुधवार को आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। केनाल रोड स्थित बीकेटीसी कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं यात्रा पूर्व व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।बैठक से पूर्व वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित एवं बीकेटीसी सदस्य दिवंगत श्रीनिवास पोस्ती को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन रखा गया।
अध्यक्ष ने बताया कि चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया से होगा।इसी दिन यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे।केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल तथा बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।यात्रा से पूर्व बीकेटीसी कार्यालय ऋषिकेश में पर्यटन विभाग के पंजीकरण भवन में स्थापित किया जाएगा।
बैठक में दर्शन व्यवस्था,पूजा प्रबंधन,मंदिर परिसरों का सौंदर्यीकरण, यात्री विश्रामगृहों का रखरखाव, पेयजल,विद्युत आपूर्ति,स्वच्छता, पार्किंग और आपदा प्रबंधन की समीक्षा की गई।अध्यक्ष ने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि धामों में मोबाइल फोन के सीमित उपयोग तथा वीडियो-रील बनाने पर प्रतिबंध रहेगा।
मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि यात्रा की अधिकांश तैयारियां अंतिम चरण में हैं।अध्यक्ष ने वेबसाइट उन्नयन, ऑनलाइन पूजा बुकिंग,प्राथमिक चिकित्सा,सूचना एवं सहायता केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण सहित समिति के सदस्य एवं अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे।




