तेज रफ्तार बुलेट बाइक पेड़ से टकराई, डीआईटी यूनिवर्सिटी के दो छात्रों की मौत

देहरादून: राजधानी Dehradun में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। आईटी पार्क क्षेत्र में तेज रफ्तार बुलेट बाइक के पेड़ से टकराने से DIT University के दो छात्रों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। पुलिस के अनुसार यह हादसा मंगलवार देर रात उस समय हुआ, जब दोनों छात्र धोरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आदर्श एन्क्लेव गेट के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आईटी पार्क चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुसाईं के अनुसार हादसे में देव कुमार (22) निवासी सिकंदरा, जिला Jamui और रोनित विश्वास (19)निवासी Dimapur, Nagaland की मौत हो गई। दोनों छात्र DIT University में बीफार्मा की पढ़ाई कर रहे थे और शिक्षा के लिए देहरादून में रह रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने देव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोनित विश्वास को गंभीर हालत में इमरजेंसी में भर्ती किया गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान रोनित ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय देव कुमार ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। टक्कर के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत तुरंत नाजुक हो गई। वहीं रोनित विश्वास के सिर और पैर में भी गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस के मुताबिक विश्वविद्यालय के चार छात्र मंगलवार रात खाना खाने के बाद दो बाइकों पर घूमने निकले थे। एक बुलेट बाइक पर दो छात्र आगे चल रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर देव कुमार और रोनित विश्वास पीछे आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और छात्रों के बीच शोक का माहौल है।




