दुखद: रुद्रपुर में अज्ञात वाहन ने थराली निवासी बुजुर्ग दंपती को रौंदा,मौके पर मौत..

उधमसिंहनगर: रुद्रपुर में नैनीताल रोड पर अज्ञात वाहन ने दंपति को रौंद दिया।हादसे में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजा है।मृतक कलम सिंह दानू पूर्व में प्रधानाचार्य पद से रिटायर्ड हैं।
पुलिस के मुताबिक ग्राम हरमल थराली चमोली निवासी 67 वर्षीय कलम सिंह दानू अपनी पत्नी हीरा देवी के साथ अपने छोटे भाई उम्मेद सिंह दानू के घर प्रीत विहार आए थे।बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह पांच बजे दंपति प्रीत विहार से हीरा देवी के कैंसर के इलाज कराने दिल्ली जाने के लिए रोडवेज बस पकड़ने के लिए पैदल निकले थे।नैनीताल रोड में यूआईआरडी के पास अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद दिया।घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से भाग गया।हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के छोटे भाई उम्मेद सिंह पुलिस विभाग से कुछ साल पहले ही इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत हुए हैं।वह यहां प्रीत विहार कालोनी में रहते हैं।