हल्द्वानी में शराब पिलाकर दो युवकों ने 15 वर्षीय किशोरी के साथ किया दुष्कर्म

नैनीताल: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। काठगोदाम थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय दसवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी ने किशोरी को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया, हैड़ाखान मार्ग पर ले जाकर शराब पिलाई और फिर उसके साथ दरिंदगी की।
मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे किशोरी मोहल्ले की दुकान से सामान लेने गई थी। वहाँ उसके घर के पास किराए पर रहने वाले अल्मोड़ा जिले के दन्या थाना अंतर्गत नौगांव निवासी मोहित और प्रदीप मिले। दोनों ने घुमाने के बहाने उसे कार में बैठा लिया और हैड़ाखान रोड की ओर ले गए। की कार में ही दोनों ने किशोरी को जबरन शराब पिलाई और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। देर रात साढ़े दस बजे तक जब किशोरी घर नहीं लौटी, तो परिजनों को शक हुआ। उन्होंने काठगोदाम थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो हैड़ाखान सड़क पर कार खड़ी मिली। कार में किशोरी बेहोशी की हालत में पड़ी थी और दोनों आरोपी भी मौजूद थे। प्रभारी एसओ दिलीप के अनुसार, मेडिकल जांच के बाद किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना में इस्तेमाल कार को सीज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। यह घटना समाज में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस जांच जारी है।




