
प्रेमनगर(देहरादून)
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित बालासुंदरी मंदिर के जंगलों में बीते कुछ दिन पहले हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में बोरे में मिली 30 वर्षीय महिला की लाश के मामले में उसका पति ही हत्यारा निकला।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रंजीत शर्मा (32) ने 5 मार्च की रात पत्नी रूपा की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को करीब 4 दिन तक घर में छिपाकर रखा और 8 मार्च को बोरे में भरकर जंगल में फेंक दिया।
11 मार्च को शव मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी पहचान करना थी। इसके लिए पुलिस ने सैकड़ों स्थानों पर सत्यापन अभियान चलाया और करीब 2500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार मेहनत के बाद पुलिस को सुराग मिला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि पति-पत्नी के बीच दूसरी महिला को लेकर विवाद चल रहा था,जिससे नाराज होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।इस पूरे मामले के खुलासे में प्रेमनगर थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।थानाध्यक्ष कुंदन राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार मेहनत कर इस जटिल केस का खुलासा किया।फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




